नजरिया न्यूज़ पाली। ओम अग्रवाल। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगे एक दिशा संकेतक बोर्ड को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि बोर्ड पर “जोली डेम” का नाम अंकित है, लेकिन यह स्थान पाली में कहां स्थित है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती। इससे खासकर बाहर से आने वाले और अनजान राहगीरों के भटकने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका परिषद पाली से मांग की है कि उक्त दिशा संकेतक बोर्ड की जांच कर उसे सही कराया जाए। यदि बोर्ड पर अंकित स्थान या दिशा सही नहीं है तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि राहगीरों को रास्ता बताने के लिए लगाए गए संकेतक स्पष्ट और सही होने चाहिए, ताकि किसी व्यक्ति को गलत दिशा में भटकना न पड़े। नागरिकों ने नगर पालिका से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।