नजरिया न्यूज़, मधेपुरा। फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेज के सहारे खुद को पत्रकार बताकर आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान शंकरपुर थाना क्षेत्र के रायभीड़ वार्ड नंबर-09 निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वह परमेश्वरी दास का पुत्र है।
पुलिस के अनुसार शिकायत मिली थी कि युवक स्वयं को एक समाचार नेटवर्क का पत्रकार बताकर लोगों और अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाने का प्रयास करता है। इसके बाद उसके द्वारा प्रस्तुत पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया।
जांच में संबंधित समाचार चैनल के प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि युवक के नाम से इस्तेमाल किया जा रहा पहचान पत्र उनके संस्थान की ओर से जारी नहीं किया गया है। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में युवक का चैनल से कोई संबंध नहीं है और उसे पत्रकार संवाददाता या प्रतिनिधि के रूप में कार्य करने की अनुमति नहीं दी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया पहचान पत्र फर्जी अथवा मूल पहचान पत्र की डुप्लीकेट प्रति प्रतीत हुआ। युवक के पत्रकार होने के संबंध में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी से भी सत्यापन कराया गया, जहां से किसी वैध पत्रकार अनुज्ञप्ति अथवा मान्यता की पुष्टि नहीं हुई।






















