नजरिया न्यूज़ सिकटी :अररिया।
सिकटी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गणेश शंकर राय ने की। अध्यक्ष गणेश शंकर राय ने बताया कि पंचायतों में मनरेगा तथा 15वीं एवं अष्टम वित्त आयोग से कराए गए कार्यों की जांच कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत कराए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए संबंधित कार्यों की जांच कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है। बैठक में बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। क्षेत्र में जर्जर हो चुके बिजली के तारों को बदलने, आवश्यकता वाले स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाने के लिए पोल एवं तार लगाने का निर्देश दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया गया। वहीं, शिक्षा विभाग, बाल विकास परियोजना कार्यालय सहित कुछ अन्य विभागों के पदाधिकारियों के बैठक में उपस्थित नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। इसे गंभीरता से लेते हुए बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि बीस सूत्री की बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की उपस्थिति आवश्यक है, ताकि योजनाओं की समीक्षा के साथ क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में पहल की जा सके। बैठक में बीस सूत्री उपाध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष, सिकटी भवेश राय, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि कमरुज्जमा, बीस सूत्री सदस्य पूर्व प्रमुख सह व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद विश्वास, कुमोद झा, घनश्याम मंडल, समीना खातून, अनवर आलम,रवि कुमार झा मनोज मंडल, प्रदीप कुमार झा (उर्फ़ बब्बन झा) मौजूद रहे। मौके पर बीडीओ प्रियदर्शी राजेश पायरट, अंचल पदाधिकारी मनीष चौधरी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी अफ़रोज़ अहमद, कृषि पदाधिकारी राजीव झा, पीएचसी के डॉ. अभिनाश कुमार, पशुपालन विभाग के हेमचंद पासवान, जीविका बीपीएम राजेश कुमार, बिजली विभाग के कनीय अभियंता रोहित राज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।














