नजरिया न्यूज़ (रूबी विनीत), अररिया।
जिला अधिवक्ता संघ, अररिया के तत्वावधान में मंगलवार की शाम लॉयर्स हॉल में अधिवक्ता स्वर्ण जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समारोह में अधिवक्ता के रूप में अपनी 50 वर्ष की गौरवशाली एवं बेदाग सेवा यात्रा पूर्ण करने वाले संघ के चार स्तंभों को सम्मानित किया गया। यह अररिया न्यायमंडल के इतिहास का एक ऐतिहासिक क्षण रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीजेएम-सह-डीएलएसए सचिव रोहित श्रीवास्तव थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र कुमार चौधरी ने की।
मुख्य अतिथि के कर-कमलों से स्वर्ण जयंती मना रहे वरीय अधिवक्ता मो. शफी अहमद, मुस्ताक हुसैन मंसूरी, अब्दुल मन्नान और वरीय अधिवक्ता बिनोद प्रसाद जी को अंगवस्त्र, माला, मिष्ठान और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एसीजेएम सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने कहा कि आधी शताब्दी तक काले कोट की गरिमा को बनाए रखना और वकालत जैसे गरिमामयी पेशे में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से डटे रहना किसी तपस्या से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि ये चारों अधिवक्ता न केवल न्याय के प्रहरी हैं, बल्कि युवा अधिवक्ताओं के लिए जीवंत पाठशाला और प्रेरणास्रोत हैं।
अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि ईश्वर करे यह स्वर्णिम क्षण हर अधिवक्ता के जीवन में आए। महासचिव संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि यह पहला अवसर है जब एक साथ चार अधिवक्ताओं की 50 वर्ष की यात्रा का उत्सव मनाया जा रहा है। यह पूरे संघ के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर वरीय अधिवक्ता तपन बैनर्जी, नौशाद आलम, हरिश्चंद्र चौहान सहित सैकड़ों अधिवक्तागण उपस्थित थे।














