नजरिया न्यूज़, जोकीहाट:अररिया।
जोकीहाट थाना क्षेत्र के एनएच-327ई स्थित रानी चौक पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक और साइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराए और उसके नीचे जा घुसे।मृतक की पहचान केसर्रा पंचायत के जहांनपुर गांव, वार्ड संख्या-1 निवासी प्रदीप कुमार शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रदीप कुमार शर्मा केसर्रा पंचायत के वार्ड संख्या-1 के वार्ड सदस्य प्रतिनिधि भी थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, रानी चौक के समीप एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक चालक वहीं खाना बना रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़े। हादसे में साइकिल सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।वहीं, घायल बाइक चालक की पहचान नवेद आलम, पिता सुलेमान, निवासी नववा ननकार, वार्ड संख्या-12 के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई रजनीकांत और सुभाषचंद्र के नेतृत्व में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसी बाइक और साइकिल को बाहर निकलवाया।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।घटना के बाद ग्रामीणों ने बाइक की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास की सड़कों पर अक्सर तेज गति से वाहन चलाए जाते हैं। हालांकि, बाइक चालक के नशे में होने की ग्रामीणों द्वारा कही गई बात की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।जोकीहाट थाना पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाएगा।














