पलासी/आमगाछी। पलासी प्रखंड के आमगाछी निवासी अमर मंडल ने आस्था और भक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है। अमर मंडल सुल्तानगंज से कंधे पर 80 लीटर गंगाजल लेकर करीब एक माह तक पैदल यात्रा करते हुए बाबा सुंदरनाथ धाम पहुंचे। लंबी और कठिन पैदल यात्रा पूरी कर उन्होंने बाबा सुंदरनाथ धाम में गंगाजल से जलाभिषेक किया।
अमर मंडल की इस श्रद्धापूर्ण यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। बाबा सुंदरनाथ के प्रति उनकी आस्था और संकल्प की लोगों ने सराहना की। वहीं, न्याय समिति की ओर से अमर मंडल को इस सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया। सम्मान मिलने पर अमर मंडल ने कहा कि बाबा सुंदरनाथ की कृपा और आशीर्वाद से ही वह यह कठिन यात्रा पूरी कर सके।














