सहरसा के 15 आदर्श विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा 24×7 निःशुल्क डाउट क्लियरेन्स का लाभ
सहरसा।
बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘उन्नत शिक्षा, उज्जवल भविष्य’ की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी आदर्श विद्यालयों के लिए 24×7 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत सहरसा जिले के 10 प्रखंडों में नवस्थापित 15 ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ (आदर्श विद्यालय) के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उद्घाटन कार्यक्रम में सहरसा के जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ आदर्श विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से विद्यार्थी Filo App के जरिए सातों दिन 24 घंटे पढ़ाई से जुड़े सवालों का समाधान विषय विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे। आदर्श विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए Filo App पर पंजीकरण की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। इससे ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आदर्श विद्यालयों की नियमित जिला स्तरीय मॉनिटरिंग, शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी (PTM) के अनिवार्य आयोजन तथा प्राचार्यों के साथ नियमित बैठक करने का निर्देश दिया। इस पहल से राज्य में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






















