भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सहरसा।
श्रावण मास की अंतिम सोमवारी को विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोसी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने सहरसा जिले के बाबा मटेश्वर धाम महादेव मंदिर एवं मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर धाम महादेव मंदिर का भ्रमण किया। दोनों ही मंदिरों का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व है और अंतिम सोमवारी के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, सुचारू आवागमन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सहरसा एवं मधेपुरा के पुलिस अधीक्षकों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। डीआईजी ने अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिला सोशल मीडिया कोषांग को सक्रिय रखने तथा किसी भी भ्रामक सूचना का तथ्यों के साथ त्वरित खंडन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही लोगों से जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की गई।






















