- अररिया आरएस स्थित ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र में आयोजित कार्यक्रम में एसपी जितेंद्र कुमार ने युवाओं को किया जागरूक
नजरिया न्यूज़,आर एस अररिया। समाज में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ जागरूकता फैलाने और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की राह दिखाने के उद्देश्य से अररिया आरएस स्थित ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने युवाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
नशा परिवार और समाज को करता है प्रभावित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। शुरुआत में नशे की आदत छोटी लगती है, लेकिन धीरे-धीरे यह विकराल रूप धारण कर युवाओं का जीवन बर्बाद कर देती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
बच्चे हैं देश का भविष्य
ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र की जिला संचालिका उर्मिला बहन ने स्वागत संबोधन में कहा कि बच्चे और युवा आने वाले भारत की तकदीर हैं। उनके जागरूक होने से नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्ति के लिए राजयोग मेडिटेशन भी महत्वपूर्ण है।
जिम्मेदार नागरिक तैयार करना लक्ष्य
गौतम शाह ने कहा कि विद्यालयों का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाना भी है। कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी जितेंद्र कुमार, उर्मिला बहन, एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष गौतम शाह, थाना प्रभारी अंकुर जी एवं संजय गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
लिया आजीवन नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में एसपी जितेंद्र कुमार ने उपस्थित लोगों को आजीवन नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान मंगल यादव, मनोज भगत, संजय गुप्ता, अनिल शाह, महेश केडिया, अजय केडिया, निर्मल सिंह, विजय केडिया, अमरेंद्र गुप्ता, राजू बेगवानी, मूसा खान, बबलू गोस्वामी सहित सैकड़ों लोगों ने नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
















