- अररिया व सीमांचल के विकास, सुरक्षा और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
नजरिया न्यूज़, नई दिल्ली/अररिया। अररिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने पुष्पगुच्छ भेंट कर रक्षा मंत्री का अभिनंदन किया और अररिया एवं सीमांचल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अररिया लोकसभा क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं, सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था तथा आम लोगों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को रक्षा मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अररिया सहित पूरा सीमांचल क्षेत्र भारत-नेपाल सीमा से जुड़ा होने के कारण सामरिक एवं सुरक्षा की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में क्षेत्र में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति देना आवश्यक है।
सांसद ने सीमांचल के समग्र विकास, क्षेत्रवासियों की आकांक्षाओं की पूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग की आवश्यकता जताई। उन्होंने संबंधित विषयों पर रक्षा मंत्री से सकारात्मक पहल और आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद की बातों को गंभीरता से सुना और अररिया एवं सीमांचल के विकास तथा जनहित से जुड़े विषयों पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि अररिया और सीमांचल की जनता की आवाज को केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाना तथा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर वे आगे भी लगातार पहल करते रहेंगे।
















