नजरिया न्यूज़, मधेपुरा। मधेपुरा के दुर्गी टोला कटहरवा वार्ड संख्या-6, पंचायत मुरहो में स्वर्गीय बिहारी प्रसाद यादव की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर धार्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। रामाश्रम सत्संग मथुरा के मधेपुरा उपकेंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस सत्संग में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय बिहारी प्रसाद यादव के पुत्र अनिल कुमार यादव द्वारा अपने पैतृक आवास पर कराया गया। सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन, आध्यात्मिक प्रवचन एवं गुरु वंदना का श्रवण किया। वक्ताओं ने मानव जीवन में सत्संग, सदाचार, सेवा और सद्भावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्संग मनुष्य को सत्य और सद्मार्ग की ओर प्रेरित करता है।
इस दौरान स्वर्गीय बिहारी प्रसाद यादव को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। परिजनों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके व्यक्तित्व एवं सामाजिक व्यवहार को याद करते हुए कहा कि उनके जीवन से लोगों को हमेशा प्रेम, सहयोग और मानव सेवा की प्रेरणा मिलती रही।
आयोजक अनिल कुमार यादव ने कहा कि पुण्यतिथि के अवसर पर सत्संग का आयोजन करने का उद्देश्य दिवंगत आत्मा की शांति के साथ-साथ लोगों को आध्यात्मिक विचारों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।
सत्संग के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



















