जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसएसबी द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में करीब 15:02 बजे बाह्य सीमा चौकी सिकटी के जवानों को नेपाल से भारतीय क्षेत्र में शराब लाए जाने की सूचना मिली। इसके बाद उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसएसबी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने कार्रवाई करते हुए सीमा स्तंभ संख्या 160/1 से करीब 100 मीटर दक्षिण दिशा में तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 10 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर नेपाल से भारत लाई जा रही अवैध नेपाली शराब की खेप को पकड़ा। तलाशी के दौरान कुल 36 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान अंसार आलम के रूप में हुई है। एसएसबी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नेपाल से शराब लाकर भारतीय क्षेत्र में इसकी तस्करी करने की कोशिश कर रहा था।
बरामद शराब, जब्त मोटरसाइकिल और गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए निगरानी और संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह के साथ आरक्षी अभिजित घोष, प्रीतम और नरेंद्र तथा आबकारी विभाग की स.उप.नि. मुनमुन कुमारी सहित अन्य जवान शामिल रहे।



















