- बैरगाछी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान की कार्रवाई, ट्रक जब्त
सम्पूर्ण भारत, अररिया। विकाश प्रकाश। बैरगाछी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 707.4 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने मौके से लाल रंग की महिंद्रा FURIO 14 गाड़ी भी जब्त की है। हालांकि, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
एनएच-327ई पर हो रही थी वाहन जांच
अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 11 अगस्त की शाम बैरगाछी थाना पुलिस गश्ती के दौरान खुशबू राइस मिल के पास एनएच-327ई के उत्तरी लेन पर वाहन जांच कर रही थी।
पुलिस को देखकर चालक हुआ फरार
इसी दौरान अररिया जीरो माइल की ओर से आ रही लाल रंग की महिंद्रा FURIO 14 गाड़ी संख्या BR-38GA-2362 को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। वाहन रुकते ही चालक गाड़ी से उतरकर भागने लगा। पुलिस बल और पदाधिकारियों ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
46 कार्टून में मिला कफ सिरप
इसके बाद पुलिस ने वाहन की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के डाला से 46 कार्टून में 100 एमएल की 7074 बोतल बरामद की गई। बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 707.4 लीटर बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने कफ सिरप और वाहन को जब्त कर बैरगाछी थाना कांड संख्या 104/26, दिनांक 11 अगस्त 2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 8(C)/21(C)/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
एसडीपीओ ने बताया कि फरार चालक और इस तस्करी में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस कफ सिरप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का भी पता लगा रही है। कार्रवाई में सअनि परमेश्वर सिंह, गृहरक्षक महेंद्र कुमार विश्वास, राकेश कुमार मंडल आलम और वीरेंद्र प्रसाद साह शामिल थे।






















