- मारपीट मामले में जोकीहाट पुलिस की कार्रवाई
- दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
- आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
नजरिया न्यूज़, जोकीहाट (अररिया)। अल्लामा ग़ज़ाली।जोकीहाट थाना क्षेत्र के तुर्कैली गोढ़ी टोला में जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वीआईपी पार्टी अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश बहरदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मामला 7 जुलाई को हुई मारपीट की घटना से जुड़ा है। तुर्कैली गोढ़ी टोला वार्ड संख्या 12 निवासी रानी कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर उनके पति दीपक कुमार के साथ मारपीट की गई। घटना में दीपक कुमार को चोटें आने की बात कही गई है। रानी कुमारी ने अपने चाचा राजेश बहरदार पर मारपीट का आरोप लगाया था।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी जीविका सीएम सौनैया देवी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। रानी कुमारी का आरोप है कि उनके पति को बचाने पहुंचे लोगों को भी दूसरे पक्ष की ओर से मामले में आरोपी बनाया गया।
दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने राजेश बहरदार को गिरफ्तार कर लिया।
फोटो : वीआईपी पार्टी अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश बहरदार
जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मारपीट मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर राजेश बहरदार की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।






















