– तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद, अन्य सदस्यों की तलाश जारी
नजरिया न्यूज़,अररिया। अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर आरएस थाना क्षेत्र में जेल गेट के समीप से चोरी हुई मोटरसाइकिल मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि 5 अगस्त को अररिया मंडल कारा (जेल) गेट के समीप से टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर BR-38AT3276) चोरी हो गई थी। मामले को लेकर आरएस थाना कांड संख्या 188/26, दिनांक 10 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, डंप डेटा विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
जांच के दौरान चोरी की घटना में शामिल गिरोह की लोकेशन फुलकाहा थाना क्षेत्र में मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फुलकाहा थाना पुलिस के सहयोग से चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत चोरी की दो अन्य बाइक बरामद की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर वार्ड संख्या-9 निवासी 16 वर्षीय नाबालिग, भोरहर वार्ड संख्या-11 निवासी 30 वर्षीय जयकृष्ण यादव और 18 वर्षीय रोहन कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता को लेकर पुलिस का अनुसंधान जारी है। छापेमारी दल में आरएस थानाध्यक्ष अंकुर कुमार, पुलिस पदाधिकारी त्रिपुरारी कुमार, डीआईयू टीम अररिया और सशस्त्र बल शामिल थे।






















