
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को छात्र की तबीयत कुछ खराब थी। उसने शिक्षक असीम दत्ता को अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दी। आरोप है कि छात्र की बात सुनकर शिक्षक नाराज हो गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि मारपीट के दौरान शिक्षक ने बच्चे की गर्दन भी मरोड़ दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल स्कूल पहुंचे और बच्चे को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल ले गए। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के अनुसार, बच्चे की गर्दन में चोट के निशान हैं और आवश्यक जांच की जा रही है। फिलहाल छात्र का उपचार जारी है।
घटना के बाद छात्र के परिजनों में विद्यालय प्रबंधन और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नाराजगी है। छात्र की मां ने शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी परिस्थिति में छात्र के साथ इस तरह की मारपीट स्वीकार्य नहीं है।
मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्ट : विकाश प्रकाश



















