नजरिया न्यूज़,अररिया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शनिवार सुबह अररिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक (GM) अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शहर के शिवपुरी स्थित उनके आवास से की गई। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को पूछताछ एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले गई।
बताया गया कि अररिया नगर थाना क्षेत्र के बनगामा निवासी व्यवसायी मो. कमरे आलम ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 17 लाख रुपये मूल्य की मशीन उपलब्ध कराने के एवज में जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में कार्रवाई की योजना बनाई। शनिवार सुबह जैसे ही शिकायतकर्ता ने कथित रूप से 50 हजार रुपये की रिश्वत की राशि अधिकारी को दी, पहले से तैनात निगरानी टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सतीश चंद्र माधव कर रहे थे। उन्होंने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गई। कार्रवाई को लेकर जिले में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। निगरानी विभाग की टीम पूरे मामले में संबंधित दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






















