नजरिया न्यूज़,
रानीगंज :अररिया। रानीगंज प्रखंड की फरकिया पंचायत में निर्माणाधीन छठ घाट में कथित अनियमितता को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और निर्धारित मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे प्रीतम कुमार, रोहित कुमार, मनोज कुमार, निखिल कुमार, प्रमोद राय, अरुण कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में मानक के अनुरूप सरिया का उपयोग नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि 8 एमएम सरिया, घटिया ईंट और स्थानीय बालू का इस्तेमाल किया गया तथा दो दिन पूर्व रात में जल्दबाजी में ढलाई कर दी गई।
शिकायत मिलने पर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) प्रियंका कुमारी मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में अनियमितता मिलने पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया।
बीपीआरओ ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी कमियां दूर होने के बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई का ग्रामीणों ने स्वागत करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।






















