नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज:अररिया। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 56वीं वाहिनी एसएसबी की आई समवाय फुलकाहा एवं फुलकाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 121.375 लीटर नेपाली एवं विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, कोशीकापुर क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 187/1 के निकट भारतीय सीमा के भीतर संयुक्त गश्ती अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने कार्रवाई की। बरामद शराब में दिलवाले ब्रांड की 370 बोतल (111 लीटर), मैकडॉवेल नंबर-1 की 9 बोतल (3.375 लीटर) तथा किंगफिशर बीयर की 14 बोतल (7 लीटर) शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुलकाहा थाना क्षेत्र के अचरा निवासी करण कुमार (19) एवं सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के ठूठी निवासी कृष्ण कुमार (20) के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो स्प्लेंडर प्लस, बजाज एक्ससीडी-125 और बजाज प्लेटिना समेत चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
समवाय प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार ने बताया कि सीमा पर तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं, फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















