नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज :अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फुलकाहा थाना पुलिस और 56वीं वाहिनी एसएसबी ने बुधवार तड़के संयुक्त कार्रवाई में 99 किलोग्राम गांजा बरामद किया। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत के वार्ड संख्या-5 भवानीपुर में की गई। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे और नदी का सहारा लेकर मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त छापेमारी की। तलाशी के दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद कर जब्त कर लिया गया। बरामद मादक पदार्थ को फुलकाहा थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अभियान में थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, एसआई रंजना कुमारी सहित पुलिस बल तथा एसएसबी के सहायक सेना नायक राणा कुमार के नेतृत्व में जवान शामिल रहे। थानाध्यक्ष ने कहा कि सीमा पर तस्करी रोकने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






















