नजरिया न्यूज़, पूर्णिया। मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बी.एड. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, पूर्णिया के ललित कला विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं युवा चित्रकार ध्रुव कुमार की कलाकृतियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर की दो प्रतिष्ठित कला प्रदर्शनों में किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि बिहार के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार की राजधानी पटना स्थित ललित कला अकादमी में Addya Art & Films के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी-2026 का आयोजन 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक होगा। वहीं, दिल्ली की लोकायता आर्ट गैलरी में रेनबो आर्ट वर्ल्ड द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ग्रुप कला प्रदर्शनी-2026 का आयोजन 7 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। दोनों प्रदर्शनों में देशभर के कई प्रसिद्ध एवं स्थापित कलाकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।
इन्हीं कलाकारों के बीच पूर्णिया के मिल्लिया बी.एड. महाविद्यालय में पिछले दस वर्षों से ललित कला के सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत चित्रकार ध्रुव कुमार को भी अपनी कलाकृतियों के प्रदर्शन का अवसर मिला है। ध्रुव कुमार मूल रूप से खगड़िया जिले के महदा बन्नी गांव के निवासी हैं और अपनी सृजनात्मक कला के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं।
ध्रुव कुमार की कलाकृतियां इससे पहले देश की कई प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं में प्रदर्शित हो चुकी हैं। इनमें कोलकाता की बिड़ला अकादमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर, नई दिल्ली की संस्कार भारती कला संकुल आर्ट गैलरी तथा मुंबई की सिमरोजा आर्ट गैलरी प्रमुख हैं। इसके अलावा उनकी चित्रकृतियां नेपाल के नेपाल कला परिषद, काठमांडू, इंडोनेशिया के केंद्र आर्ट स्पेस, बाली, दुबई की 76 आर्ट गैलरी तथा श्रीलंका के क्यूराडो आर्ट स्पेस जैसी अंतरराष्ट्रीय कला दीर्घाओं में भी प्रदर्शित की जा चुकी हैं।
कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ध्रुव कुमार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनेक कला प्रदर्शनी और कार्यशालाओं में पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्रों से सम्मानित किया जा चुका है। पटना और दिल्ली में आयोजित होने वाली इन राष्ट्रीय कला प्रदर्शनियों में उनकी भागीदारी को बिहार के युवा कलाकारों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है। महाविद्यालय परिवार एवं कला प्रेमियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





















