नजरिया न्यूज़, ब्यूरो पटना। रवि कुमार।
पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग और खान सर से जुड़े विवाद के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। होटल के कमरे से उनका शव मिलने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। नेपाल पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव अपने 6 से 7 साथियों के साथ नेपाल के एक होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि देर रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और होटल में मौजूद अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक उनकी मौत के कारणों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच हुए विवाद के बाद दर्ज एफआईआर में प्रिंस यादव का भी नाम शामिल था। इसके बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे। प्रिंस यादव का नाम इससे पहले वर्ष 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हुए कथित हमले के मामले में सामने आया था।
गौरतलब है कि खान ग्लोबल स्टडीज के प्रबंधन से जुड़े कन्हैया कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि 2 जून 2026 की रात ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों ने कोचिंग परिसर में पहुंचकर गार्ड के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की तथा संस्थान की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस मामले में प्रिंस यादव का भी नाम आरोपितों में शामिल था।
इधर, इस प्रकरण में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है। वहीं खान सर के दो गार्ड भी जेल में बंद हैं। प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद कोचिंग विवाद से जुड़े इस पूरे मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। नेपाल पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






















