- शिक्षक के निधन से गांव में शोक की लहर..
नजरिया न्यूज़, समस्तीपुर। राजकुमार सिंह।
मुँह में पान की गिलौरी दबाए, युवा,बुजुर्ग और बच्चों की टोली में घुसपैठ कर तरह तरह की कहानी सुनाना और उन कहानियों के पात्रों को चुटिले अंदाज में कहते हुए खिलखिलाते हुए उसका खूब आनंद लेना. ग्रामीण भी उनके इस हसमुख अंदाज का भरपूर मजा लेते. बिहार और देश की राजनीति और पत्रकारिता में जबरदस्त रुझान. कोई ऐसा दिन नहीं जब वो शाम 7 और 10 बजे की टीवी न्यूज़ बुलेटिन ना देखते हों..कहानी ऐसे हीं उस शिक्षक की जिसने अब दुनिया से रुकसत ले लिया है.
दरअसल में समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकबेदौलिया गांव निवासी हर दिल अजीज शिक्षक ध्रुवनाथ मिश्रा अब इस दुनिया में नहीं रहे. शिक्षक ध्रुवनाथ मिश्रा का निधन बीते 27 मई को उनके गांव स्थित निवास पर हो गया. लंबे समय से बीमार चल रहे स्वर्गीय ध्रुवनाथ मिश्रा अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़कर स्वर्ग सिधार गए.
स्वर्गीय ध्रुवनाथ मिश्रा ने 1985 में पलामू में बतौर शिक्षक जॉइनिंग की थी. झारखण्ड राज्य अलग होने के बाद स्वर्गीय मिश्रा बिहार के होम टाउन समस्तीपुर आ गए और मध्य विद्यालय खम्हार से 2017 में रिटायर्ड हो गए. 34 वर्ष तक शिक्षण क्षेत्र में रहने के बावजूद स्वर्गीय मिश्रा की छवि हमेशा सहयोगी और हसमुख रही. पुत्र अमरनाथ मिश्रा,मोहित नाथ मिश्रा और अंकित नाथ मिश्रा ने बताया कि उनके पिता हमेशा दूसरों के सुःख दुःख के साथी रहे और समाज के साथ काफी घुले मिले रहते थे. शिक्षक ध्रुवनाथ मिश्रा के निधन से चकबेदौलिया गांव समेत समूचे इलाके में शोक की लहर है.






















