संजय कुमार, संवाददाता पलासी (अररिया)
पलासी थाना क्षेत्र के धपड़ी गांव से एक शादीशुदा महिला को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में महिला के पति ने पलासी थाना में युवक सहित तीन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कथित अपहृता तीन बच्चों की मां है। महिला के पति मोहम्मद एखलाक ने आरोप लगाया है कि सिकटी थाना क्षेत्र के रानीकट्टा गांव निवासी मिना तुल्ला ने अपने सहयोगियों की मदद से उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया।मामले में मिना तुल्ला के अलावा मोहम्मद वसीम तथा गुल शबा को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी रानीकट्टा गांव के निवासी बताए गए हैं।घटना बीते 8 जून की संध्या की बताई गई है। सूचक ने पुलिस को बताया कि वह किसी आवश्यक कार्य से कलियागंज बाजार गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी घर से अचानक गायब हो गई।
शाम करीब छह बजे जब वह घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि उसकी पत्नी को मिना तुल्ला अपने साथ लेकर चला गया है। सूचक ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि महिला अपने साथ घर में रखी नकदी, जेवरात तथा अपने आठ माह के पुत्र को भी लेकर चली गई है।
महिला के पति ने बताया कि पत्नी की तलाश में वह रानीकट्टा गांव भी गया था, लेकिन वहां आरोपी युवक अपने घर पर नहीं मिला।सूचक का आरोप है कि पत्नी को भगाने की साजिश में नामजद अन्य आरोपियों की भी भूमिका है और उन्होंने युवक का सहयोग किया है।दर्ज मामले में यह भी दावा किया गया है कि महिला इससे पहले भी 2 मई 2026 को उक्त युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी।घटना के बाद पीड़ित परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन महिला और बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला और बच्चे की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।






















