नजरिया न्यूज़, जोकीहाट/अररिया।
जोकीहाट थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 510 लीटर अवैध विदेशी शराब से लदी एक कार को जब्त किया है। हालांकि पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि बीती रात पुलिस टीम नियमित गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने पर चालक काकन टोल प्लाजा के समीप कार छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर वाहन की तलाशी ली, जिसमें 510 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद कार और शराब को जब्त कर थाना लाया गया। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर इम्तियाज खान सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अवैध शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की है, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।






















