- बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर महिलाओं ने उठाई आवाज, 13 जून को बनेगा होटल पनार के समीप “सेल्फी प्वाइंट”
नजरिया न्यूज़,अररिया। कुमार श्रीवास्तव। अररिया शहर में अब तक बस स्टैंड का निर्माण नहीं होने से नाराज महिलाओं ने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है। महिलाओं का कहना है कि बस स्टैंड के अभाव में यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे आए दिन असुविधा और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
महिला कल्याण समिति से जुड़ी महिलाओं ने कहा कि अररिया जैसे महत्वपूर्ण जिला मुख्यालय में आज तक एक व्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए न तो बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही बारिश व धूप से बचाव की कोई सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में लोगों को सड़क किनारे घंटों इंतजार करना पड़ता है।
इस समस्या को जन-जन तक पहुंचाने और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से 13 जून को बनेगा होटल पनार के समीप “सेल्फी प्वाइंट” स्थापित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से आम लोग सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे, जिससे बस स्टैंड निर्माण की मांग को व्यापक समर्थन मिलेगा और यह जन-आंदोलन का रूप ले सकेगा।
महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं होगी।
महिलाओं ने जिला प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति देने तथा अररिया में जल्द से जल्द बस स्टैंड निर्माण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बस स्टैंड का निर्माण शहर के विकास और यात्रियों की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर सुष्मिता कुमारी, ज्योति भगत, पूनम यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।






















