जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे एफएसएल टीम बरदाहा पहुंची। टीम के साथ अंचल पदाधिकारी मनीष सिंह, बरदाहा थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष लक्ष्मण पासवान, एसआई महेश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की।
जांच के दौरान एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। हालांकि, जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने बरामद साक्ष्यों के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
गौरतलब है कि मृतका की मां जानती देवी के आवेदन पर बरदाहा थाना में पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि विवाहिता की मौत घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने दहेज हत्या की आशंका जताई।
बरदाहा थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि दर्ज कांड के अनुसंधान के क्रम में एफएसएल टीम से घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कराई गई है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा अनुसंधान की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित घर को सील कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। अनुसंधान के दौरान प्राप्त तथ्यों, वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।





















