– जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी को आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना से कार्य करने का दिया निर्देश
नजरिया न्यूज़, अररिया। कुमार श्रीवास्तव।
डॉ. राम चंद्र प्रसाद, माननीय मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, अररिया जिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (20 सूत्री) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन, पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार, माननीय विधायक जोकीहाट मोहम्मद मुर्शिद आलम, माननीय विधायक रानीगंज श्री अविनाश मंगलम, माननीय विधायक नरपतगंज श्रीमती देवन्ती यादव, माननीय उपाध्यक्ष जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (20 सूत्री) श्री आदित्य नारायण झा, श्री आशीष कुमार पटेल सहित समिति के सभी माननीय सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में गत बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु तालाब निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बस यात्रियों से मनमाने किराये की वसूली, वाहन स्टैंड एवं पार्किंग व्यवस्था, बस स्टैंड के संचालन तथा यातायात संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को किराया संबंधी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
धान अधिप्राप्ति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जांच में कोई अनियमितता नहीं पाई गई है। हर घर नल-जल योजना के संबंध में बताया गया कि नियमित रूप से जांच कर त्रुटियों का निराकरण किया जाता है। अररिया-रानीगंज पथ, चंद्रा चौक, भूदान कार्यालय मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 700 रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को चिन्हित स्थानों पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर चर्चा किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की उपलब्धता, ग्रामीण कार्य विभाग अंतर्गत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य, नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत खुले में मांस बिक्री एवं जाम की समस्या, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में आवश्यक विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
राजस्व विभाग की समीक्षा में ऑनलाइन म्यूटेशन में त्रुटियों के संबंध में जिला पदाधिकारी ने बताया कि दोषी राजस्व कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। अपर समाहर्ता (राजस्व) ने भी आश्वस्त किया कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाती है।
मनरेगा अंतर्गत आवास निर्माण, कचरा प्रबंधन एवं अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। योजनाओं में गड़बड़ी संबंधी शिकायतों की जांच वरीय पदाधिकारियों द्वारा कराए जाने की जानकारी दी गई। माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने निर्देश दिया कि बैठक से संबंधित पत्र एवं अनुपालन प्रतिवेदन जनप्रतिनिधियों को पूर्व में उपलब्ध कराया जाए।
बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिन महादलित टोला में बिजली की व्यवस्था नहीं है वहां बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए ।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय सदस्यों द्वारा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, स्थानांतरण के कारण उत्पन्न समस्याएं, टेबल-कुर्सी की उपलब्धता एवं विद्यालय भवनों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया गया। जिला पदाधिकारी ने आवश्यक मामलों में कमिटी गठित कर जांच करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।
माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने निर्देश दिया कि ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार की जाए जहां विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में शिक्षक कम हैं अथवा जहां शिक्षक उपलब्ध हैं लेकिन विद्यार्थियों की संख्या कम है। बैठक में सदस्यों द्वारा निजी विद्यालयों द्वारा पुस्तक विक्रय, पुनः नामांकन शुल्क तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत नामांकित विद्यार्थियों की विद्यालयवार सूची उपलब्ध कराने का विषय भी उठाया। जिस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
बैठक में माननीय मंत्री महोदय द्वारा यह निर्देशित किया गया कि सभी निर्माण कार्यों के प्रारंभ होने से पूर्व स्थल पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाया जाए।
जोगबनी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों की कमी एवं वर्षा के दौरान जलजमाव की समस्या पर जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वर्षा ऋतु में कहीं भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाए। संबंधित पदाधिकारी इसका अनुपालन सुनिश्चित कराए।
बैठक के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारियों के पास जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध रहें तथा उनके फोन एवं समस्याओं पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जाए। जिला पदाधिकारी ने इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना से कार्य करें ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।वैसे पदाधिकारी/कर्मी जो कार्य में लापरवाही बरतते है उनपर कार्यवाई भी की जाए। उन्होंने समीक्षा के दौरान प्राप्त अधिकांश अनुपालनों पर संतोष व्यक्त करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी एवं माननीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अंत में जिलाधिकारी महोदय द्वारा माननीय मंत्री महोदय सह अध्यक्ष जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति एवं उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापन दिया एवं बैठक समाप्त की गई।





















