संजय कुमार, संवाददाता पलासी (अररिया)
पलासी थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित संजय पासवान ने पलासी थाना में आवेदन देकर कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज आवेदन में कहा गया है कि किसान चौक निवासी शंकर पासवान और हुसैना कुमारी ने आपसी सहमति से प्रेम विवाह कर लिया था। इसी बात को लेकर कुछ लोग लगातार उनके परिवार से नाराज चल रहे थे और अक्सर गाली-गलौज तथा मारपीट की धमकी देते थे। आरोप है कि 31 मई की शाम करीब पांच बजे संजय पासवान की पत्नी फुलो देवी बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका इलाज पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मामले में कई लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




















