संजय कुमार, संवाददाता पलासी (अररिया)
पलासी थाना क्षेत्र के मरीचगांव में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास, छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा पलासी थाना में दर्ज कराए गए आवेदन के अनुसार घटना 30 मई की शाम करीब छह बजे की है। उस समय वह घर में अकेली पढ़ाई कर रही थी, जबकि उसके पिता बाहर थे और मां डॉक्टर के पास गई हुई थीं। आरोप है कि गांव निवासी मो. सलाम अचानक घर में घुस गया और चाकू का भय दिखाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट की तथा उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ भी की। शोर सुनकर आसपास के लोगों के आने की आहट मिलने पर आरोपी घर की टीन हटाकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता अपनी मां और गवाहों के साथ आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची। वहां मौजूद परिजनों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपियों ने केस करने पर अपहरण और हत्या कराने की धमकी भी दी। मामले में कुल सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





















