संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर विवाहिता नविता देवी की हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की है। हत्या के मामले में मृतका के पति गौरव कुमार को जोकीहाट महलगांव थाना क्षेत्र के मधेली गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने चार वर्षीय बेटे आर्यन कुमार को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
नविता देवी की मां गीता देवी ने पलासी थाना में दामाद गौरव कुमार, समधी कृत्यानंद विश्वास, समधिन गौरी देवी, सौरव कुमार, संतोषी देवी, गौतम मंडल और झुब्बा मंडल समेत सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। अन्य छह आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।दर्ज प्राथमिकी में सूचिका गीता देवी ने बताया है कि सभी नामजदों ने मिलकर उनकी पुत्री नविता देवी की हत्या 3 जून की रात को कर दी। इसके बाद शव को गंगाझाली सुरकिया धार के पास फेंक दिया गया। घटना की सूचना उन्हें 4 जून की सुबह मिली थी।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौरव कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना में शामिल अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जाएगी। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। नविता देवी का शव 4 जून को कनखूदिया चौक से गंगाझाली जाने वाली सड़क पर सुरकीया पुल के पास बांस की झाड़ी से बरामद हुआ था।





















