संजय कुमार, संवाददाता पलासी
पलासी थाना क्षेत्र के कुजरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और छिनतई का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसका इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।इस संबंध में घायल महिला बिजली खातून ने पलासी थाना में आवेदन देकर छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 29 मई को आरोपित उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।विरोध करने पर सभी आरोपितों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने घर में रखे अनाज को बिखेर कर नुकसान पहुंचाया।
साथ ही घर में रखे कुछ सामान एवं नकदी की छिनतई करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।पीड़िता ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पलासी थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।






















