नजरिया न्यूज़, अररिया | विकाश प्रकाश
अररिया जिला मुख्यालय स्थित नगर परिषद कार्यालय परिसर के सभागार में शनिवार को नगर परिषद की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हो गई। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस चुनाव में किसी प्रकार का मुकाबला देखने को नहीं मिला। समिति के लिए निर्धारित तीन पदों के विरुद्ध केवल तीन प्रत्याशियों ने ही नामांकन दाखिल किया, जिसके कारण सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी बलवीर दास की देखरेख में पूरी चुनावी प्रक्रिया विधिसम्मत ढंग से संपन्न कराई गई। नामांकन की जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीनों प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की गई।
ये पार्षद बने सशक्त स्थायी समिति के सदस्य
निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सदस्यों में वार्ड संख्या 16 की नगर पार्षद नीतू देवी, वार्ड संख्या 20 की नगर पार्षद गजाला तहरबीन तथा वार्ड संख्या 29 के नगर पार्षद मोहम्मद कलाम शामिल हैं। तीनों को निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जीत का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
प्रशासनिक व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई थी। अररिया अनुमंडल के लिए प्रेक्षक के रूप में अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा को तैनात किया गया था। वहीं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और नगर थाना पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। पूरे चुनावी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।
जीत पर समर्थकों में खुशी की लहर
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। वार्ड संख्या 16 की पार्षद नीतू देवी ने कहा कि यह जीत “सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान” की भावना की जीत है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के 24 पार्षदों का उन्हें भरपूर सहयोग मिला, जिसके कारण यह चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो सका।
वहीं वार्ड संख्या 16 के पार्षद प्रतिनिधि ओम प्रकाश सोनू ने इसे नगर परिषद की एकता और सामूहिक सोच की जीत बताते हुए कहा कि सभी पार्षदों के सहयोग से योग्य प्रतिनिधियों का चयन हुआ है।
पांच पार्षदों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय
चुनाव के दौरान पांच पार्षदों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं कि इनमें एक ऐसे संभावित दावेदार भी शामिल थे, जिनके चुनाव मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि अंतिम समय में उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से दूरी बनाए रखी।
अबीर-गुलाल और मालाओं से हुआ स्वागत
प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद जैसे ही नवनिर्वाचित सदस्य सभागार से बाहर निकले, समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया, मिठाइयां बांटी और फूल-मालाओं से सम्मानित कर जीत की बधाई दी।
इस अवसर पर नगर पार्षद रीना देवी, विजय जैन, आबिद अंसारी, साकिब रेजा, टीपू मीर, बबलू मीर, नूर आलम, अभिजीत सेन गुप्ता उर्फ दीपांकर, राजू राम, तबस्सुम आरा, देवो श्री घोष, दीपक झा उर्फ डब्ल्यू, प्रभास कुमार, शहनाज, नगमा शाहीन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर परिषद कर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। चुनाव के शांतिपूर्ण और सर्वसम्मत परिणाम को नगर परिषद की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।




















