समस्तीपुर/दलसिंहसराय
(राज कुमार सिंह)
थाना क्षेत्र में आये दिन हत्या, लूट, छितनई और चोरी की घटनाएं से लोगों में अब पुलिस प्रशासन पर भरोसा उठने लगा है।
दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में हत्याओं का दौर जारी है।जिससे लोगों में भय व्याप्त होने लगा है।जहां एक मजदुर की हत्या के कातिल का पता भी नही लगा पायी थी पुलिस, कि एक और मजदूर की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
थाना क्षेत्र के केवटा पंचायत स्थित कागपुर गांव में, गुरुवार 28 मई की अहले सुबह सड़क किनारे से, एक युवक का शव मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में जंगल में आग की तरह सनसनी फैल गई, और घटनास्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान कागपुर वार्ड संख्या 15 निवासी त्रिवेणी राय के 27 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार के रूप में की गई है। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जुट गयी।
घटना को लेकर मृतक के भाई कुंदन कुमार ने बताया कि अजीत कुमार केवटा पंचायत स्थित “विजयंत एंड सन्स” नाम के पेट्रोल पंप पर नोजल मैन के रूप में काम करता था। रोजाना की तरह बुधवार 27 मई की रात करीब 9:55 बजे, वह पेट्रोल पंप से अपनी बाइक से घर के लिए निकला था, लेकिन पूरी रात वह घर नहीं पहुंचा। इस दौरान परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, मगर कोई पता नहीं चला। आज गुरुवार 28 मई की अहले सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर चौड़ की ओर जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे पड़ा मिला।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक के चेहरे पर नाखून और जख्म के निशान पाए गए हैं। उसकी बाइक की डिक्की भी गायब बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था, लेकिन पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अजीत की शादी हुई थी। उसका एक वर्ष का पुत्र सत्यम है। घटना के बाद पत्नी कुमकुम देवी बेसुध हो गई है।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष इरसाद आलम ने बताया कि, केवटा गांव में एक शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची है।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने एवं जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।फिलहाल पुलिस सभी विंदुओं पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही थाना क्षेत्र के कामरांव पंचायत में भी एक मजदूर का शव खेत से बरामद हुआ था, जिसमें हत्या की आशंका को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
उत्तर प्रदेश:एक वर्ष से त्रिस्तरीय पंचायत सरकार के प्रतिनिधि बनने के लिए गहन जनसंपर्क कर रहे नेताओं का संघर्ष अनिश्चित समय के लिए बढ़ गया
ग्राम पंचायत सरकार का कार्यकाल 26 मई को खत्म, बतौर प्रशासक ग्राम प्रधान ही संभालेंगे कार्यभार* अनिल उपाध्याय, पूर्वांचल ब्यूरो...



















