संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले के पलासी थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ आदित्य प्रकाश ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।बैठक में प्रखंड प्रमुख सदानंद यादव, थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सीओ सुशील कांत सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, दिघली मुखिया समद अली, समाजसेवी अली समेत कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि बकरीद पर्व 28, 29 और 30 जून 2026 को मनाया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे तत्वों पर विशेष नजर रखे हुए है।
थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पर्व को लेकर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर है तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई।



















