नजरिया न्यूज़, अररिया। कुमार श्रीवास्तव।
अररिया पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पलासी थाना क्षेत्र से 193 ग्राम स्मैक, नगद ₹44,600, बाइक, मोबाइल और अन्य सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि इस धंधे का मुख्य सरगना पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 26 मई 2026 की शाम करीब 8:20 बजे पलासी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम पोठिया निवासी राहुल यादव अपने घर में भारी मात्रा में स्मैक रखकर छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर बेच रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि बरहट क्षेत्र से कुछ लोग स्मैक खरीदने उसके घर पहुंचे हुए हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद रात करीब 9:10 बजे पुलिस टीम ने राहुल यादव के घर की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी राहुल यादव घर के पीछे बने बांस की चहारदीवारी तोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद दूसरे व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो० अफाक बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे के अंदर बिस्तर पर रखे खुले एवं प्लास्टिक में पैक कुल 12 पोटलों में 193 ग्राम गीला स्मैक बरामद किया। इसके अलावा नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित ₹44,600 नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक सैमसंग मोबाइल फोन, पैकिंग में प्रयुक्त चाकू-कैंची तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। बरामद सामान को जब्त कर पलासी थाना लाया गया।
इस मामले में पलासी थाना कांड संख्या-227/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी मो० अफाक, पिता मो० अक्लीम, निवासी बरहट वार्ड संख्या-03, थाना पलासी, जिला अररिया का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से भी शराबबंदी एवं अन्य आपराधिक मामलों में कई केस दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, पु०अ०नि० रौशन कुमार सिंह, स०अ०नि० विजय कुमार यादव एवं पलासी थाना के शस्त्र बल के जवान शामिल थे। अररिया पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






















