नजरिया न्यूज़, बयूरो अररिया।
अररिया नगर थाना क्षेत्र के ओम नगर वार्ड संख्या-08 में मोबाइल छिनतई के विवाद को लेकर मंगलवार को जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, गहने छीनने, नगदी लूटने और घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। मामले में पीड़ित गोपी Kumar चौधरी ने नगर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित गोपी कुमार चौधरी ने आवेदन में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उनका भतीजा रामाकांत कुमार कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह अररिया कोचिंग सेंटर के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद अमरनाथ पासवान और अर्जुन पासवान ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने रामाकांत से सैमसंग कंपनी का मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
आवेदन के अनुसार, घटना के करीब आधे घंटे बाद नामजद आरोपितों समेत कई लोग फरसा, तलवार, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडा लेकर गोपी कुमार चौधरी के घर पहुंच गए। सभी ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि अमरनाथ पासवान ने फरसा से गोपी कुमार चौधरी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर से काफी खून बहने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंची गोपी कुमार की पत्नी सुमन कुमारी और भाभी मुन्नी देवी के साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि महिलाओं के गहने छीन लिए गए तथा घर में रखे 54 हजार 500 रुपये नकद भी निकाल लिए गए। साथ ही घर में रखे सामान और मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना में घायल सभी लोगों का इलाज सदर अस्पताल अररिया में कराया गया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि इलाज में व्यस्त रहने के कारण आवेदन देने में देरी हुई। नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






















