नजरिया न्यूज़, रानीगंज(अररिया)। बलराम कुमार।
अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग एनएच 327 ई पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रानीगंज बाजार स्थित बस स्टैंड के समीप मदरसा चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
मृतका की पहचान चन्दरदई पंचायत के खेरूगंज गांव निवासी 35 वर्षीय शबाना खातून, पति मो. तनवीर, के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शबाना खातून अपने भतीजे के साथ बाइक से रानीगंज बाजार आ रही थीं। इसी दौरान मदरसा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। ट्रक के पहिये के नीचे आने से महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा भतीजा मामूली रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एनएच 327 ई पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि रानीगंज बाजार में नो एंट्री लागू रहने के बावजूद भारी वाहनों का प्रवेश लगातार हो रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और नो एंट्री नियम को सख्ती से लागू करने की मांग की।
सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





















