नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खाते से अवैध निकासी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार युवक के पास से कई एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 मई 2026 को मदनपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर कनेल गरमु वार्ड संख्या-14 निवासी बैजनाथ दास एडीबी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान दो अज्ञात अपराधियों ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और बाद में खाते से 26 हजार रुपये की निकासी कर ली।
घटना सामने आने के बाद अररिया थाना में कांड संख्या-273/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नरपतगंज थाना क्षेत्र के पिठौरा वार्ड संख्या-04 निवासी मिन्टू कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह का सदस्य है। यह गिरोह अररिया के अलावा पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिले में भी सक्रिय बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, अप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और एक यामाहा मोटरसाइकिल बरामद किया है। वहीं जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से फारबिसगंज थाना में भी ठगी का मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में नगर थाना के पुलिस निरीक्षक मनीष रजक, पुलिस अवर निरीक्षक राजनारायण यादव और अमित कुमार यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें और किसी अजनबी पर भरोसा न करें।




















