नजरिया न्यूज़, जोकीहाट/अररिया।
जोकिहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने भेभरा ओवरब्रिज के पास वाहन जांच अभियान चलाकर एक डीसीएम ट्रक से 2859 लीटर विदेशी शराब जब्त की तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 मई 2026 को जोकिहाट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए अवैध रूप से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और भेभरा ओवरब्रिज के समीप जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान ट्रक संख्या BR-01GC-8759 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 1104 लीटर किंग फिशर बियर और 1755 लीटर ग्रीन लेबल व्हिस्की बरामद हुई। कुल मिलाकर 2859 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
मौके से ट्रक चालक दीपक कुमार (22 वर्ष), पिता सुरेश राय, निवासी सिमरवारा थाना पातेपुर जिला वैशाली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ जोकिहाट थाना कांड संख्या 212/2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व जोकिहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने किया। उनके साथ पुलिस पदाधिकारी सुभाष चन्द्रा सहित अन्य जवान भी मौजूद थे।
अररिया पुलिस लगातार शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




















