समस्तीपुर/दलसिंहसराय (राज कुमार सिंह)
थाना क्षेत्र के कामरांव पंचायत के वार्ड 7 स्थित मक्के के खेत से रविवार को अहले सुबह एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।लोगों की भीड़ जुट गई। खेत में काम कर रहे लोगों को दुर्गंध आने पर शव होने की जानकारी मिली। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान कामरांव वार्ड 7 निवासी मो. इजहार के 42 वर्षीय पुत्र मो. जब्बार के रूप में की गई।
परिजनों ने बताया कि मो. जब्बार शुक्रवार की शाम से घर से गायब थे। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई आता पता नहीं चल सका। रविवार सुबह खेत से शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वंही पत्नी अमीना खातून शव की पहचान होते ही बेसुध हो गईं।
मृतक की पत्नी अमीना खातून ने बताई की गांव के ही एक युवक के यहां मजदूरी के रुपये के मांगने को लेकर दो दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था।
साथ ही उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार की शाम करीब सात बजे मो. जब्बार मजदूरी का पैसा लेने उसके घर गए थे, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे।परिजनों ने आशंका जताई कि इसी विवाद
को लेकर उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।
बताया जाता है कि मो. जब्बार परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटियां नजमा, अफरीन, फातमा, मरियम और एक छोटा पुत्र मुबारक है। परिवार का गुजारा मजदूरी और खेती से चलता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही पहुंची थाने की पुलिस घटना स्थल का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल में जुट गई।
थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।




















