संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत सोहंदर हाट में शनिवार देर शाम तेज आंधी और तूफान के कारण ग्रामीण बैंक के पास स्थित करीब 30 से 40 वर्ष पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से उसके नीचे स्थित एक मोटरसाइकिल गैरेज पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गैरेज संचालक राकेश मंडल की दुकान पेड़ के ठीक नीचे थी। हादसे के समय दुकान में कई ग्राहकों की मोटरसाइकिल मरम्मत के लिए रखी गई थी। पेड़ गिरते ही दुकान में रखी कई बाइक दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं गैरेज में मौजूद मशीनें और अन्य सामान भी टूट-फूट गए।
दुकानदार राकेश मंडल ने बताया कि तेज तूफान के दौरान अचानक पीपल का पेड़ गिर पड़ा, जिससे दुकान में रखा सारा सामान दब गया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की बाइक भी पूरी तरह टूट गई है और उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ काफी पुराना और विशाल था। तेज हवा और बारिश के कारण उसकी जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और रास्ते से पेड़ हटाने की कोशिश की।
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को मुआवजा देने की मांग की है।




















