-मातृ मृत्यु दर को शून्य पर लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दिए कड़े निर्देश
शिवहर। 22 मई
सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में शुक्रवार को मातृ मृत्यु समीक्षा (एमडीआर) की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अस्पताल के अधीक्षक-सह-सिविल सर्जन डॉ दीपक कुमार ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे, जिनमें डॉ सुधा, डॉ अंजना प्रसाद, डॉ रिजवान राशिद, डॉ संध्या सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
संस्थागत प्रसव और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समीक्षा:
बैठक के दौरान पिछले एक माह में हुए संस्थागत प्रसव, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं ट्रैकिंग तथा मातृ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रसव के दौरान आने वाली जटिल परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का भी मूल्यांकन किया।
प्रसव सेवाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई:
अधीक्षक डॉ दीपक कुमार ने कहा कि मातृ मृत्यु दर को शून्य तक लाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चिकित्सकों, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लेबर रूम में दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश:
बैठक में निर्देश दिया गया कि लेबर रूम एवं प्रसव वार्ड में 24 घंटे आवश्यक दवाएं और उपकरण उपलब्ध रहें। साथ ही प्रसव के दौरान किसी भी जटिलता की स्थिति में तत्काल उपचार एवं समय पर रेफरल सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। नए चिकित्सकों को जिला स्वास्थ्य समिति के समन्वय से बीईएम ओएनसी एवं ईएम ओएनसी प्रशिक्षण दिलाने का भी निर्देश दिया गया।
ग्रामीण गर्भवती महिलाओं की समय पर एएनसी जांच पर जोर:
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर एएनसी जांच एवं नियमित ट्रैकिंग सुनिश्चित करने की बात कही गई, ताकि संभावित जोखिमों को पहले ही चिन्हित कर कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त मातृ मृत्यु से संबंधित फॉर्म-4, जांच रिपोर्ट एवं कार्रवाई प्रतिवेदन जिला नोडल पदाधिकारी को समय पर भेजने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक के अंत में अस्पताल अधीक्षक ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया तथा कहा कि अस्पताल प्रबंधन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।




















