नजरिया न्यूज़, नवादा। जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और पुलिस पर हमले के मामले में पुलिस दबाव के चलते एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है।
नारदीगंज थाना क्षेत्र में 13 मई 2026 को अवैध बालू खनन की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया था। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ने पुलिस पदाधिकारी को कुचलने का प्रयास किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिकारी को पहले नवादा सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
इस मामले में नारदीगंज थाना कांड संख्या 158/26 दर्ज कर पुलिस ने पहले ही 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, साथ ही 20 मोटरसाइकिल, 1 स्कॉर्पियो और 2 ट्रैक्टर जब्त किया गया था। मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक और मालिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 19 मई 2026 को SIT टीम ने तकनीकी अनुसंधान और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर एक मुख्य आरोपी को मेसकौर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं, पुलिस की लगातार दबिश और गिरफ्तारी के डर से दूसरे मुख्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच अभी जारी है।






















