ग्राम पंचायतों के पांच साल के विकास कार्यों की होगी ब्लॉकवार समीक्षा
प्रवीण वत्स, विशेष संवाददाता नजरिया न्यूज,सुलतानपुर, 19 मई,2026।
जनपद में ग्राम पंचायतों के कार्यों की समीक्षा खंड विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिवों की मौजूदगी में डीएम करेंगे।इस सूचना से ग्राम प्रधानों में हड़कंप मच गया है। ग्राम प्रधानों ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुखों के कार्यों से हजार गुना अच्छा कार्य ग्राम पंचायतों ने किया है। डीएम को सबसे पहले जिला पंचायत और फिर ब्लाक प्रमुख तथा अंत में ग्राम पंचायतों के कार्यों की समीक्षा डीएम को करना चाहिए।
इससे पहले ग्राम पंचायतों के सूत्रों ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों के पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा तैयार करने का निदेश दिया गया है । जिसमें ग्राम पंचायतों को प्राप्त धनराशि, खर्च की गई राशि, कराए गए विकास कार्यों और उनकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना है।
जिलाधिकारी सुल्तानपुर इंद्र कुमार सिंह ने इस कार्य के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला को निर्देशित किया है।
ग्राम प्रधानों के अनुसार जनपद की सभी ग्राम पंचायतों से पांच वर्षों का विस्तृत डेटा एकत्र कर पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके के साथ ही जिला मुख्यालय में ब्लॉकवार बैठक होगी, जिसमें संबंधित पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बैठकों में ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से यह देखा जाएगा कि गांवों में स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप रीबोर, नाली, इंटरलॉकिंग, सामुदायिक शौचालय और अन्य विकास कार्यों पर कितना बजट खर्च हुआ।
जिलाधिकारी की इस पहल को
बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायत का डेटा अद्यतन हो जाएगा ।






















