नजरिया / कुशेश्वरस्थान पूर्वी |
प्रखंड की केवटगामा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही समाधान करना था, ताकि लोगों को बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। शिविर में विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।
शिविर में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित होने से लोगों को काफी सहूलियत मिलती है। इससे समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद बढ़ी है और आम लोगों का समय व खर्च दोनों बच रहा है।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। शिविर के दौरान लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे प्रशासन से संपर्क करने का आग्रह किया।
मौके पर प्रमुख अंजनी भारती, मुखिया छेदी राय, रामबली राय, लक्ष्मी राय, सुरेश राम, बबन दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।






















