नजरिया न्यूज़ कुशेश्वरस्थान पूर्वी।
कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के मैंठा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब तस्करी के धंधे में संलिप्त दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में समस्तीपुर जिले के सिंधिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ती पट्टी महुआ निवासी दिलीप राय के पुत्र अर्जुन राय (30 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों जगहों से कुल 2690 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
सोमवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मैंठा गांव स्थित एक मकई के खेत में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है और उसे ठिकाने लगाने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान को चारों ओर से घेर लिया।

इसके बाद खेत में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जहां छिपाकर रखे गए विदेशी शराब के कई कार्टन बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त अर्जुन राय को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब और गिरफ्तार तस्कर को थाना लाया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली निशानदेही पर पुलिस ने मैंठा गांव निवासी चंद्रकला देवी, पति कर्मचंद मांझी के घर पर छापेमारी की। वहां से भी भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। दोनों स्थानों से कुल 2690 लीटर शराब जब्त की गई है।
इस मामले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।




















