अररिया। प्रखंड के अंतर्गत मध्य विद्यालय सोनापुर में विद्यालय शिक्षा समिति (VSS) के चुनाव में भारी धांधली, दबंगई और नियमों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। इसे लेकर सोनापुर की एक पीड़ित महिला अभिभावक ने अररिया के जिला पदाधिकारी (DM) को आवेदन सौंपकर न्याय और दोबारा शांतिपूर्ण चुनाव कराने की मांग की है।
जिला पदाधिकारी को दिए गए आवेदन में श्याम नगर (सोनापुर) निवासी रूमा देवी (पति- साधन यादव) ने बताया कि बीते 16 मई 2026 को मध्य विद्यालय सोनापुर में बच्चों की भलाई के लिए शिक्षा समिति का चुनाव होना तय था। आरोप है कि जैसे ही गरीब अभिभावक वहां पहुंचे, गांव के कुछ बड़े जमींदार, रसूखदार और दबंग किस्म के लोगों ने लाठी और बाहुबल के दम पर पूरे चुनाव को बंधक बना लिया।
पीड़ित महिला का कहना है कि दबंगों ने सरकार के नियमों को ताक पर रखकर, बिना किसी आम सहमति के, मनमाने ढंग से अपनी मर्जी के लोगों को समिति में चुन लिया। इस दौरान गरीब और साधारण वर्ग के लोगों की आवाज को पूरी तरह से दबा दिया गया।
रूमा देवी ने अत्यंत भावुक होकर आवेदन में कहा है कि उनके चार छोटे-छोटे बच्चे इसी मध्य विद्यालय सोनापुर में पढ़ते हैं। उन्होंने डर जताते हुए कहा, “हुजूर, हम गरीबों की आवाज को दबा दिया गया। अगर ऐसे दबंग लोग स्कूल पर कब्जा कर लेंगे, तो हमारे गरीब बच्चों की पढ़ाई और स्कूल का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा।” महिला ने यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर किसी ने उनकी गुहार नहीं सुनी, जिसके बाद थक-हारकर उन्हें जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।
पीड़ित पक्ष ने जिला पदाधिकारी के समक्ष मुख्य मांगें रखी हैं कि इस पूरे मामले की तुरंत निष्पक्ष जांच करवाई जाए। 16 मई को हुए अवैध और मनमाने चुनाव को तुरंत रद्द घोषित किया जाए। और जिला प्रशासन के किसी ईमानदार अधिकारी की देखरेख में दोबारा साफ-सुथरा और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित कराया जाए।
ग्रामीणों और पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस मामले को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द उचित और दंडात्मक कार्रवाई करेगा ताकि गरीब बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।



















