नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।रामाश्रम सत्संग मथुरा उपकेन्द्र अररिया के तत्वावधान में शनिवार से दो दिवसीय आध्यात्मिक आन्तरिक सत्संग साधना शिविर का शुभारंभ हो रहा है। इस शिविर को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन जिला मुख्यालय के रानीगंज रोड स्थित ओम नगर के प्राईम हॉल विवाह भवन परिसर में किया जा रहा है, जहां तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
जानकारी देते हुए ओम नगर निवासी अधिवक्ता सह मेडिएटर नीरज प्रसाद ने बताया कि सत्संग शिविर शनिवार की शाम से शुरू होगा। इसके बाद रविवार को सुबह एवं शाम दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र की अवधि लगभग दो घंटे की होगी। शिविर में आध्यात्मिक प्रवचन, ध्यान, साधना एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिससे लोगों को मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि रामाश्रम सत्संग का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़कर सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देना है। शिविर में अररिया सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।




















