संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत चहटपुर पंचायत वार्ड संख्या-09 में मंगलवार की शाम करंट लगने से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मो. तारीक (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय गयास, निवासी चहटपुर पंचायत के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. तारीक पशुओं के लिए चारा लाने घर से निकले थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पास से गुजरते समय वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।मुखिया रूबी शोएब सहित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उचित इंतजाम किए गए होते तो इस तरह की दर्दनाक घटना नहीं होती।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



















